हल्द्वानी। खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए यूनिवर्सिटी ने प्रथम शैक्षणिक सत्र में प्रवेश की अंतिम तिथि 12 से बढ़ाकर 19 अगस्त कर दी है। विश्वविद्यालय की विशेष कार्याधिकारी रशिका सिद्दीकी ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के तहत 23 अगस्त को लिखित परीक्षा, 24-25 अगस्त को फिजिकल टेस्ट और 25-26 अगस्त को इंटरव्यू एवं प्रमाण पत्रों का सत्यापन किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों को 28 अगस्त तक फीस जमा करनी होगी। विश्वविद्यालय में पहला शैक्षणिक सत्र एक सितंबर से शुरू होगा। कक्षाओं का संचालन सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक किया जाएगा।
-
283 छात्र-छात्राओं ने किया पंजीकरण
विश्वविद्यालय में 272 पंजीकरण हो चुके हैं। इसमें 50 से अधिक बालिकाएं शामिल हैं। 76 से अधिक विद्यार्थी डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों के लिए फीस जमा करा चुके हैं। बुधवार को आठ छात्र-छात्राओं ने फोन पर और 10 ने विश्वविद्यालय पहुंचकर पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी ली।
आउटसोर्स से होगी कर्मचारियों की भर्ती
बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स साइंस में 50 से अधिक और बैचलर ऑफ स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो आवेदन आए हैं। विश्वविद्यालय में कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए 161 पदों का प्रस्ताव भेजा गया था। इसमें से 122 पदों पर स्वीकृति मिल गई है। शेष पदों को आउटसोर्स के माध्यम से भरे जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।