रामगढ़ सीएचसी में लोगों की जांच करते डॉक्टर। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
नैनीताल। एटीआई में प्रशिक्षण को आए दो अधिकारियों में कोरोना की पुष्टि के बाद संस्थान के कर्मचारियों ने एटीआई प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को कर्मचारियों ने एटीआई निदेशक का घेराव करते हुए कहा कि संस्थान प्रशासन की ओर से कर्मचारियों के जीवन के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। एटीआई के कर्मचारी कामकाज छोड़कर परिसर में आ गए और उन्होंने संस्थान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। अध्यक्ष नीमा असवाल ने बताया कि सभी कार्यालयों में 75 प्रतिशत कर्मचारियों की ही मौजूदगी प्रशासन ने तय की थी, जबकि एटीआई में शुरू से ही सभी कर्मचारियों को बुलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तीन दिन के लिए पूरे परिसर को बंद करना चाहिए और संक्रमितों के संपर्क में आए सभी लोगों के टेस्ट होने चाहिए। निदेशक राजीव रौतेला से कर्मचारियों की वार्ता में तय हुआ कि चल रही ट्रेनिंग और आठ सितंबर से होने वाली ट्रेनिंग 15 तारीख से होगी। वहीं, तीन दिन के लिए एटीआई को पूर्ण रूप से बंद करा दिया है और सभी कर्मचारी अपने टेस्ट कराएंगे। यहां उर्बादत जोशी, मनोज कुमार, गोधन सिंह, अखिलेश यादव, कृष्ण सिंह बोरा, राम किशोर, सुरेश चंद्र, नरेंद्र सिंह नेगी, लता जनोटी, पूजा आर्य, राकेश पंत, रमेश चंद्र, संजय आर्य, प्रेम चंद्र, कृष्ण कुमार, जगत सिंह बिष्ट आदि रहे।
नगर में पांच और रामनगर में 24 कोरोना संक्रमित
नैनीताल/भीमताल/भवाली/रामगढ़/रामनगर। नगर में पांच और कोरोना संक्रमित आने से लोगों में दहशत है। बीडी पांडे अस्पताल के पीएमएस डॉ. केएस धामी ने बताया कि शुक्रवार को देर शाम तक नगर में पांच लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। पुष्टि के बाद संक्रमितों को कोविड केयर सेंटर भेज दिया है। बताया कि संक्रमित नियर राजभवन तल्लीताल, हरीनगर, मल्लीताल के रहने वाले हैं। सीएचसी के डॉ. दीपक सीपाल ने बताया कि शुक्रवार को भीमताल के तल्लीताल क्षेत्र में तीन लोग संक्रमित पाए गए हैं। साथ ही पांच लोग घोड़ाखाल क्षेत्र में पॉजिटिव आए हैं। इधर, तल्लीताल में तीन लोगों के पॉजिटिव आने के बाद क्षेत्र में दुकानें बंद रहीं। इधर रामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 103 लोगों के सैंपल लिए गए। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. चेतन टम्टा ने यह जानकारी दी। उधर, रामनगर में 24 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमितों को कोविड केयर सेटर रेफर कर दिया है। कोरोना के नोडल सहायक अधिकारी संतोष बधानी ने बताया कि 150 लोगों के सैंपल लिए गए, इनमें 24 लोग कोरोना पॉजिटिव निकले।