खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बुधवार को प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बर्फ और मिठाई के सैंपल लिए। अभियान में पांच दुकानों का चालान करने के साथ ही पांच दुकानों से जूस और खुला भोजन नष्ट कराया गया।
सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह के साथ पहुंचे खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा ने बद्रीपुरा, रोडवेज परिसर, ताज चौराहे, बरसाती नहर आदि क्षेत्रों में अभियान चलाकर करीब 15 दुकानों में खाद्य पदार्थों की जांच की। रोडवेज बस अड्डे पर उत्तरांचल स्वीट्स में मिठाई के बासी होने और व रंगों के मिलावट की आशंका पर सैंपल लिया गया।
ताज चौराहे व बरसाती नहर में बिना लाइसेंस के चाट पकोड़ी और गन्ना जूस बेच रहे पांच दुकानों से सामान नष्ट कराने के बाद चालान की कार्रवाई की गई। बद्रीपुरा में बर्फ की दुकान से बर्फ का सैंपल भी टीम ने लिया। बरेली रोड में भी टीम ने खुले में बिक रहे सिकंजी, नींबू पानी को नष्ट कराया।