नैनीताल। नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन सीजन के दौरान जाम लगने पर एंबुलेंस नहीं फसेंगी। जाम में एंबुलेंस फंसने की लगातार शिकायतों के बाद पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर व्यवस्था को और सक्रिय करने का फैसला किया है। अब एंबुलेंस के जाम में फंसने की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल रास्ता खाली कराकर उसे प्राथमिकता के साथ अस्पताल तक पहुंचाएगी।
नैनीताल, कैंचीधाम, भवाली और भीमताल जैसे क्षेत्रों में पर्यटन सीजन और वीकेंड पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। ऐसे में कई बार मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी जाम में फंस जाती हैं जिससे मरीजों की हालत गंभीर होने का खतरा बढ़ जाता है। इस दौरान लोग यातायात व्यवस्था नहीं बनाने पर पुलिस को कोसते हैं। एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि पर्यटन सीजन में जाम प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पुलिस फोर्स तैनात की जाती है। वीकेंड पर हॉक टीम, यातायात निरीक्षक और मोबाइल वैन भी यातायात पर नजर रखती है। उन्होंने बताया कि सीएमओ नैनीताल को पूर्व में ही पत्र भेजकर कहा गया है कि यदि कोई एंबुलेंस जाम में फंसती है तो इसकी तत्काल सूचना जिला कंट्रोल रूम को दी जाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को जल्द अस्पताल तक पहुंचाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य गंभीर मरीजों को समय पर इलाज दिलाना है।