हल्द्वानी। भीमताल विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए क्षेत्र के ग्रामीणों ने पूर्व दायित्वधारी कांग्रेस नेता हरीश पनेरू के नेतृत्व में नरीमन चौराहा स्थित पीएमजीएसवाई के दफ्तर पर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। गुस्साए ग्रामीण अधिकारियों के कालिख पोतने पर अड़े थे, लेकिन पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।
प्रदर्शन के दौरान हरीश पनेरू ने आरोप लगाया कि छीड़ाखान-मीडार मार्ग के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया है। अवैध खनन से कई लोगों के मकान और जमीन को खतरा पैदा हो गया है। इस कार्य को नए सिरे से कराया जाए और नुकसान की भरपाई ठेकेदार से कराई जाए। प्रदर्शनकारियों में छात्र नेता दीपक मेवाड़ी, भगवान सिंह, नरेंद्र सिंह बर्गली, बबलू मेहरा, कमल शर्मा, पीसी शर्मा, आनंद सिंह रावत, हरीश मेहरा, शिवदत्त बिनवाल, दीपू सनवाल, मोहन कर्नाटक आदि शामिल थे।
ईई के लिखित आश्वासन पर माने ग्रामीण
अधिशासी अभियंता मीना भट्ट ने ग्रामीणों को सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने छीड़ाखान- अमजड़ मोटर मार्ग का पुन: निर्माण, हरीशताल मोटर मार्ग का निर्माण 31 मार्च 2025 तक पूरा करने, कार्य पूर्ण न होने पर ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई करने, अमजड़ में भवन को हुए नुकसान के लिए ठेकेदार की लापरवाही सामने आने पर उससे प्रभावित को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। ईई के लिखित आश्वासन पर ग्रामीणों ने प्रदर्शन खत्म किया।