रामनगर के अस्पताल में सब परेशान
- फोटो : amar ujala
रामनगर (नैनीताल)। रामदत्त जोशी संयुक्त चिकित्सालय में मरीजों की व्हील चेयर पर कूड़ा एकत्र करने की बात का अमर उजाला ने खुलासा किया तो सीएमएस डॉ. बीडी जोशी ने सफाई ठेकेदार को तलब किया। ठेकेदार ने तुरंत उक्त सफाईकर्मी को हटा दिया है। लेकिन कार्रवाई के बावजूद अस्पताल में व्यवस्थाएं जस की तस हैं।
सीएमएस ने मंगलवार को खुद चिकित्सालय का निरीक्षण किया तो रसोई में मरीजों का स्ट्रेचर रखा था। पता चला कि रसोई संचालक स्ट्रेचर पर खाना रखकर मरीजों को बांटता है। सीएमएस ने स्ट्रेचर को तुरंत स्टोर में जमा कराने के साथ रसोई संचालक को कड़ी हिदायत दी। उधर, मरीजों की उमड़ रही भीड़ के कारण अस्पताल के डॉक्टर दोपहर 3-3 बजे तक उन्हें देख रहे हैं।
अभद्रता के बाद महिला डॉक्टर छुट्टी पर गईं
सीएमएस डॉ. बीडी जोशी ने बताया कि सोमवार देर रात एक मात्र महिला डॉक्टर से कुछ लोगों ने अभद्रता कर दी। इस दौरान पुलिस को भी बुलाना पड़ा, तब जाकर मामला शांत हुआ। अभद्र व्यवहार से खफा महिला डॉक्टर तीन दिन के अवकाश पर चली गईं हैं।
इस कारण उन्हें अधिक रोगी देखने पड़ रहे हैं। वहीं विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि सीएम से डॉक्टरों की कमी को अवगत कराया गया है। उन्होंने कम से कम एक सर्जन, एक महिला विशेषज्ञ की नियुक्ति करवाने की बात कही है। सीएम ने उन्हें जल्द ही कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।