पंतनगर। सिविल एयरपोर्ट पंतनगर की सुरक्षा के लिए एयरपोर्ट और जिले के अधिकारियों ने कर्मचारियों के साथ मॉकड्रिल की। मॉकड्रिल में संदिग्धों की पहचान, आतंकी घटना को रोकने के उपाय, आग लगने की स्थिति में बचने की तरकीबें, चिकित्सा उपकरणों की जानकारी दी गई। सुरक्षा संबंधी प्रबंध भी बताए गए।
ड्रिल में नागरिक प्रशासन, पुलिस प्रशासन, आईबी, एलआईयू, एयरपोर्ट स्टाफ चिकित्सा विभाग, एयरपोर्ट सुरक्षा दस्ते, अग्निशमन वाहन और अग्निशमन अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। एयरपोर्ट पर सभी एजेंसियों को एक निर्धारित समय पर पहुंचना था, लेकिन चिकित्सा दल विलंब से पहुंचा।
समीक्षा बैठक में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को भविष्य में चौकस रहने की सलाह दी गई। वहां एयरपोर्ट निदेशक संजीव कुमार सिंह, प्रशिक्षु आईएएस रोहित मीना, उप महाप्रबंधक एयरपोर्ट बीसी उपाध्याय, फायर ब्रिगेड के रौशन लाल आदि थे।