जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से अमर उजाला प्रायोजित 94वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में मंगलवार को दो मैच खेले गए। इनमें बरेली और शाहजहांपुर ने जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बनाई।
डीएसए मैदान में पहले मैच में वेस्टर्न सेंट्रल रेलवे कोटा और गुरुनानक हॉकी क्लब बरेली के बीच मुकाबला हुआ। पहले हाफ में बरेली 1-0 से बढ़त बनाए थी। टीम के लिए 30वें मिनट में राजा ने गोल किया। दूसरे हाफ में बरेली की ओर से 37वें मिनट में अंजार, 40वें मिनट में विकास और 44वें मिनट में अंजार ने फिर गोल किया। कोटा की ओर से खेल के 33वें मिनट में मो. जहीर और 39वें मिनट में संजय ने गोल दागा। इस तरह बरेली ने यह मैच 4-2 से जीत लिया।
दूसरे मैच में प्रिंस हॉकी क्लब शाहजहांपुर ने डायमंड हॉकी क्लब पूरनपुर को 3-1 से हराया। पहले हाफ में पूरनपुर 1-0 से बढ़त बनाए थी। खेल के तीसरे मिनट में सावन आजाद ने गोल किया। मध्यांतर के बाद शाहजहांपुर की ओर से 17वें मिनट में सुमित, 39वें मिनट में राजेंद्र और 42वें मिनट में सुमित ने गोल किया। पूरनपुर के खिलाड़ियों ने भी गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। अंपायर मंजुल, प्रकाश सनवाल, सीएल साह, अमित कुमार और ललित साह थे। तकनीकी समिति में दीपक साह, रोहित साह और तकनीकी निदेशक अहमद सिद्दीकी थे।
आज के मुकाबले
- 3.30 बजे से सीएलएससी नैनीताल बनाम मुरादाबाद हाकी एकेडमी
- 4.45 बजे से चैंपियन हाकी क्लब रामपुर बनाम मेवाड़ यूनाइटेड क्लब उदयपुर