जिला क्रीड़ा संघ एवं जिमखाना क्लब के सहयोग से अमर उजाला प्रायोजित 93वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हाकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को दो मैच हुए, जिसमें शाहजहांपुर और रामपुर की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश किया।
डीएसए मैदान में हुए पहले मैच में स्पोर्ट्स स्टेडियम शाहजहांपुर ने फर्रुखाबाद इलेवन को 4-1 से हराया। मध्यांतर से पहले शाहजहांपुर 2-0 से आगे थी। मध्यांतर बाद टीम की ओर से फिर दो गोल किए, जबकि फर्रुखाबाद की ओर से सिर्फ एक गोल किया गया। शाहजहांपुर से 26वें, 47वें एवं 58वें मिनट में तीनों गोल मोहम्मद ने किए, इसके अलावा 29वें मिनट में अकरम ने गोल किया। फर्रुखाबाद से एकमात्र गोल 43वें मिनट में सलीम सिद्दीकी ने किया।
दूसरा मैच एकतरफा रहा, जिसमें एचआर अकादमी रामपुर ने बहराइच स्टेडियम को 6-0 से हराया। मध्यांतर तक रामपुर 4-0 से बढ़त बनाए थी, मध्यांतर बाद फिर टीम ने दो गोल और किए। बहराइच के खिलाड़ियों ने भी गोल करने के काफी प्रयास किए, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। रामपुर की ओर से खेल के दूसरे एवं 49वें मिनट में शहनबाज, 18वें एवं 23वें मिनट में रजीउररहमान, 28वें में एमआर खान एवं 43वें में ताबीयान ने गोल किया।
अंपायर ललित साह, सीएल साह, मंजुल प्रकाश सनवाल एवं अमित कुमार, तकनीकी समिति में रोहित साह, कैलाश बोरा, दीपक साह एवं मोहम्मद अय्यूब थे। मैच का आंखों देखा हाल मनोज कुमार ने सुनाया।
-आज के मैच-
आयोजक सचिव चंद्र लाल साह ने बताया कि शनिवार को एकमात्र मुकाबला सायं 5 बजे से डायमंड हाकी क्लब पूरनपुर बनाम यंग मैन हांकी क्लब रामपुर के बीच होगा।