अमर उजाला की ओर से प्रायोजित 93वीं अखिल भारतीय ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता को देखने के लिए स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी भी फुर्सत के क्षण निकाले और डीएसए मैदान पहुंचे। उन्होंने खेल प्रतिभाओं के विकास के लिए डीएसए के प्रयासों की सराहना भी की।
इससे पूर्व डीएसए के महासचिव अजय साह, संयुक्त सचिव धीरज बिष्ट और युवा कांग्रेस नेता त्रिभुवन सिंह फर्त्याल ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। संसदीय सचिव एवं विधायक तथा डीएसए के संरक्षिका सरिता आर्या ने स्वास्थ्य मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट किया। बाद में स्वास्थ्य मंत्री ने ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हल्द्वानी और पीलीभीत के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
मंत्री जी ने करीब आधे घंटे तक मैच का लुत्फ भी उठाया। इस दौरान डीएसए के हॉकी सचिव चंद्रलाल साह, क्रिकेट सचिव एससी साह जगाती, पूर्व महासचिव घनश्याम लाल साह, अहमद हुसैन सिद्दीकी, दीवान सिंह रौतेला, गजाला कमाल, खष्टी बिष्ट, मुन्नी तिवारी, राजेश बिनवाल, अर्जुन सिंह बिष्ट आदि थे। संचालन मनोज कुमार और नवीन पांडे ने किया।