लालकुआं। सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ पोस्ट डालने के आरोप में हिरासत में लिए गए आईसा के जिलाध्यक्ष धीरज कुमार और गोविंद राजभर को लालकुआं पुलिस ने करीब 24 घंटे बाद निजी मुचलके पर रिहा कर दिया। दोनों नेताओं ने हिरासत के दौरान कोतवाली में अनशन किया जिसे रिहाई के बाद पुलिस ने जूस पिलाकर समाप्त कराया।
दोनों नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर सुबह से ही कांग्रेस, आईसा समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने लालकुआं कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार पर छात्र मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाया। प्रदर्शन के चलते कोतवाली परिसर और आसपास काफी देर तक गहमागहमी रही। प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चंद्र दुर्गापाल, माले नेता इंद्रेश मैखुरी आदि मौजूद रहे। दोनों नेताओं की रिहाई के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा ने बताया कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के मामले में दोनों युवकों को हिरासत में लिया गया था। शांतिभंग की आशंका के तहत धारा 172/2 में चालान करने के बाद उन्हें निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।