नैनीताल। अयारपाटा स्थित श्री अरविंदो आश्रम में ऑरो यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ डिजाइन के छात्र-छात्राओं के लिए उत्तराखंड की पारंपरिक कला ऐपण पर कार्यशाला आयोजित की गई। सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल लोक संस्कृति से रूबरू कराना था बल्कि इस कला को स्वरोजगार और आधुनिक डिजाइनिंग से जोड़ने की संभावनाओं पर भी प्रकाश डालना था।
कार्यशाला में प्रशिक्षिका दीपा चौधरी और रेनू आर्या ने ऐपण की बारीकियां सिखाते हुए बताया कि कैसे इस पारंपरिक विधा को व्यावसायिक रूप दिया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में ऐपण का उपयोग होम डेकोर, फैशन और गिफ्टिंग उत्पादों में बढ़ रहा है जो युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का एक सशक्त माध्यम है। वहां अमित सुठा, आयुष मेहरा, सभासद मनोज साह जगाती आदि मौजूद रहे।