हल्द्वानी। शुक्रवार को भी बारिश का दिन रहा। हालांकि सुबह बादल छाए रहे और हल्की बारिश हुई। दोपहर और शाम के समय नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। इस दौरान शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। हवा चलने से ठंड भी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार 17 सितंबर को भी पर्वतीय जिलों में बारिश की संभावना है। इसके चलते तापमान में भी कमी देखने को मिली है।
शाम के समय कालाढूंगी, नैनीताल रोड, काठगोदाम, दमुवाढूंगा, लालडांठ इलाकों में अचानक सड़कों में पानी भर गया। निकासी का मार्ग नहीं होने के कारण बारिश रुकने पर भी काफी देर पानी जमा रहा जिससे मार्ग में वाहनों के आवागमन और पैदल चलने वालों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सुशीला तिवारी अस्पताल में भी बारिश के कारण पार्किंग स्थल पर जलभराव होने से मरीजों और तीमारदारों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ग्रामीण इलाकों में भी आंतरिक मार्गों में जलभराव रहा। मां कालका ग्रीन कॉलोनी जीतपुर नेगी में भी बारिश से जलभराव हो गया, जिस कारण लोग सड़क पर नहीं निकल सके।
इधर बीते 24 घंटे में नैनीताल में सबसे अधिक 37.5 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। इसके अलावा हल्द्वानी में 20, कोश्याकुटौली में 17, धारी में 25, बेतालघाट में 9.4, कालाढूंगी में 6 एमएम, रामनगर में 8.4 एमएम, मुक्तेश्वर में 18.9 एमएम बारिश रिकार्ड रही। इधर मौसम विभाग ने 17 सितंबर को भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है।
बारिश और हवा चलने के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज हुई है। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान दो डिग्री घटकर 30.2 और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान तीन डिग्री घटकर 17 और न्यूनतम 13 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
हल्द्वानी में हो रही झमाझम बरसात के बीच नैनीताल रोड पर गुजरते वाहन। संवाद