नैनीताल। होटल के कमरों की ऑनलाइन बुकिंग कराने और 22 हजार रुपये जमा करने के बाद भी यूपी के सैलानी को होटल में कमरा नहीं मिला। परेशान होकर सैलानी ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस हस्तक्षेप के बाद सैलानी की ओर से जमा की गई राशि उसे वापस मिल गई।
पुलिस के मुताबिक, सिद्धार्थ नगर यूपी निवासी चंद्रेश कुमार पांडे पुत्र मदन मोहन पांडे ने एप के माध्यम से नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र स्थित एक होटल में तीन कमरों की बुकिंग 22 हजार रुपये में कराई। मंगलवार शाम चंद्रेश अपने परिजनों के साथ होटल पहुंचे तो मैनेजर ने उनके नाम से कमरे बुक न होने की बात कही। सैलानी ने होटल मैनेजर को बताया कि उन्होंने संबंधित एप से बुकिंग कराई है और पैसा भी आनलाइन जमा कराया है। देर तक इसे लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस होती रही।
आखिरकार देर रात सैलानी ने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर उपनिरीक्षक हरीश सिंह होटल पहुंचे। होटल मैनेजर ने पुलिस को बताया कि उनका होटल ओयो होटल से जुड़ा है और ओयो एप के कस्टमर केयर प्रशांत ने बताया कि उनकी बुकिंग अगोड़ा एप से ओयो में स्थानांतरित होती है। कस्टमर केयर की ओर से बताया गया कि चंद्रेश कुमार के नाम की बुकिंग उनके पास नहीं आई है। इस पर पुलिस ने ओयो एप के मैनेजर से बात की। ओयो के मैनेजर ने चंद्रेश कुमार के नाम से बुकिंग के नाम पर जमा कराई गई धनराशि रिफंड कराने का भरोसा दिलाया। पुलिस के हस्तक्षेप के कुछ ही देर बाद सैलानी चंद्रेश कुमार को पैसा वापस होने संबंधी मेल मिल गई।