कोर्ट की फटकार के बाद सड़क पर उतरी निगम की टीम
- फोटो : अमर उजाला
हाईकोर्ट की फटकार के बाद नगर निगम प्रशासन ने पॉलिथीन की रोकथाम की रस्म अदायगी की। शनिवार को निगम की टीम पॉलिथीन चेकिंग के लिए सड़क पर उतरी। पॉलिथीन का थोक कारोबार करने वालों की दुकानों तक तो टीम नहीं पहुंची, लेकिन फल एवं सब्जियों के फड़ एवं ठेलियों की चेकिंग कर दो किलो पॉलिथीन जब्त कर 13 हजार का जुर्माना वसूला।
हाईकोर्ट के आदेश पर पॉलिथीन और थर्माकोल का प्रयोग प्रतिबंधित है। अधिकांश नगर निकायों ने कोर्ट के आदेश को नजर अंदाज किया है। इस कारण दुकानों से लेकर फड़ एवं ठेलियों पर पॉलिथीन खुलेआम प्रयोग हो रही है।
नगर निगम हल्द्वानी में विगत महीनों से पॉलिथीन की चेकिंग नहीं हुई। निगम के अधिकारी चुनाव ड्यूटी में व्यस्त थे। शुक्रवार को हाईकोर्ट ने शहरी विकास सचिव को तलब कर हल्द्वानी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट के कार्य प्रगति और पॉलिथीन की रोकथाम के बारे में जवाब तलब किया।
हल्द्वानी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्रोजेक्ट नहीं होने से कूड़ा खुले में फेंका जाता है। इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। दुर्गंध से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। कोर्ट की सख्ती के बाद शनिवार को नगर निगम की टीम कार्यालय छोड़कर सड़क पर उतरी।
टीम ने रोडवेज स्टेशन के आसपास लगने वाली फल एवं सब्जियों की फड़ और ठेलियों में पॉलिथीन की चेकिंग की। शनिवार को साप्ताहिक बंदी होने से पॉलीथिन का कारोबार करने वाली दुकानें बंद थीं।
टीम ने रस्म अदायगी कर फड़ एवं ठेलियों से बरामद पॉलिथीन पर चालान की कार्रवाई करते हुए पॉलिथीन जब्त कर ली। मुख्य नगर आयुक्त केके मिश्रा के मुताबिक पॉलिथीन की रोकथाम के लिए नियमित छापामारी अभियान चलाया जाएगा।