बेतालघाट ब्लाक में सिंचाई विभाग द्वारा करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद ग्रामीणों को इसका लाभ नहीं मिल रहा है। अधिकांश नहरें सूखी पड़ी हैं। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने मामले में मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। क्षेत्रवासियों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है।
विकासखंड में नाबार्ड योजना के तहत 2014-15 में 3.64 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। जिसमें से दो करोड़ रुपये नहरों में खर्च किए जाने थे। लेकिन इतनी धनराशि खर्च करने के बावजूद ग्रामीणों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंचाई योजना से अपर लेफ्ट कोसी, रतौड़ा, अल्लीसेठी, विसगुली, वर्धों, घोड़िया हल्सो, सिमलखा की नहरों से ग्रामीणों को लाभान्वित किया जाना था लेकिन विभागीय अधिकारी अभी तक सिंचाई कार्य निर्माणाधीन बता रहे हैं।
इस वर्ष के लिए विभाग को 1.26 करोड़ रुपये और मिले हैं। जिसमें गैरखाल सिमलखा, सिमतपा, धारीकोट, लदासी, मझेड़ा, पाडली, जोशीखोला को मिलाकर 20 नहरों का कार्य होना है। लेकिन विभाग ने अभी तक काम शुरू नहीं किया है। जिस कारण लोगों को सीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में कृपाल सिंह मेहरा, बीडीसी सदस्य ललित देवी, प्रधान जीवन राम, पार्वती देवी, रामलाल, त्रिलोक राम समेत पांच दर्जन लोगों के हस्ताक्षर हैं।