नैनीताल। शत्रु संपत्ति मेट्रोपोल की भूमि खाली होने व समतलीकरण के बाद अब उसमें अवैध पार्किंग की जा रही है। अज्ञात लोग खाली जमीन में पर्यटकों के वाहन खड़ी करवाकर अवैध रूप से पार्किंग शुल्क वसूल रहे हैं।
शहर के मेट्रोपोल स्थित शत्रु संपत्ति में हुए अवैध निर्माण पर बीते वर्ष जिला प्रशासन की ओर से जेसीबी की मदद से ध्वस्तीकरण अभियान चलाया गया था। जिसके बाद भूमि का समतलीकरण कर लोनिवि की ओर से स्मार्ट पार्किंग का प्रोजेक्ट तैयार किया गया था। लेकिन पार्किंग प्रोजेक्ट को अब तक स्वीकृति नहीं मिल पाई है। कई लोगों का कहना है कि अब खाली पड़ी भूमि में अज्ञात लोगों द्वारा अवैध रूप से पार्किंग का संचालन किया जा रहा है। इन दिनों पर्यटकों के वाहन वहां पार्क कराकर अवैध शुल्क वसूला जा रहा है। रविवार को पर्यटक वाहनों का दबाव बढ़ा तो कई पर्यटक वाहन पार्क करवाकर लोगों से अवैध वसूली की गई।
एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि अवैध रूप से पार्किंग की संचालन की अभी कोई शिकायत नहीं है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कर कार्रवाई की जाएगी।