हल्द्वानी। दुर्गा सिटी सेंटर के समीप मारपीट के बाद रविवार रात दो छात्र गुटों के बीच भिड़ंत हो गई। कोतवाली पुलिस द्वारा मारपीट के आरोप में एबीवीपी के विभाग संयोजक को हिरासत में लेने पर हंगामा खड़ा हो गया। पुलिस ने किसी प्रकार बल पूर्वक छात्रों को थाने से बाहर खदेड़ा। विभाग संयोजक का चालान कर पुलिस ने छोड़ दिया।
कुसुमखेड़ा निवासी स्नातक प्रथम वर्ष के छात्र कमल शर्मा ने बताया कि वह दुर्गा सिटी सेंटर से एक छात्रनेता के साथ घर जा रहे थे। इस बीच एबीवीपी के विभाग संयोजक चंद्रशेखर जोशी उससे चुनाव के बाबत बात करने लगे। उन्होंने बातचीत के दौरान थप्पड़ जड़ दिया। घटना के बाद कमल के करीबी छात्रनेता प्रमोद बोरा ने कोतवाली पुलिस को अवगत कराया।
पुलिस ने चंद्रशेखर जोशी को हिरासत में ले लिया। इस मामले की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में छात्र कोतवाली आए। भीड़ को देखते हुए एसएसआई ने पीएसी बुला ली। चंद्रशेखर जोशी ने बताया कि वह विजय जोशी को डिग्री कालेज में अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ाना चाहता है। उसके संगठन से जुड़े प्रमोद बोरा और अन्य लोग विरोध कर रहे हैं। चुनाव राजनीति के चक्कर में उसे पीटा गया है।
पुलिस द्वारा प्रमोद बोरा के समर्थक को पकड़ने पर हंगामा काफी बढ़ गया। छात्रनेताओं ने पुलिस ने तू-तू मैं-मैं की। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने थाना परिसर से बल पूर्वक भीड़ को खदेड़ा। एसएसआई का कहना है कि इस मामले में दोनों पक्षों की तहरीर ली गई है। विभाग संयोजक का मेडिकल मुआयना कराने के बाद पुलिस ने उसका चालान किया। पुलिस का कहना है कि विभाग संयोजक ने शराब पी रखी थी।