भीमताल में अमर उजाला की खबर के बाद ीड़क में पेचिंग का काम शुरू हो गया है। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
भीमताल (नैनीताल)। अमर उजाला की खबर का एक बार फिर क्षेत्र में बड़ा असर हुआ है। भीमताल की सड़कों में गड्ढों की समस्याओं को उजागर करते हुए अखबार में लगातार खबरें छापी गईं थीं। लोक निर्माण विभाग ने खबरों का संज्ञान लेते हुए खुटानी और तल्लीताल क्षेत्र में गड्ढे भरना शुरू कर दिया है। इसके बाद विभाग 68 लाख रुपये की लागत से सड़कों पर डामरीकरण करेगा।
बता दें कि भीमताल, खुटानी, गोरखपुर चौराहे, बाजार क्षेत्र और तल्लीताल मार्ग पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। जिनकी वजह से न सिर्फ दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं बल्कि सड़क से उड़ने वाली धूल से स्थानीय लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत होती है। यहां के दुकानदार भी परेशान हैं।
इन सड़कों की हालत की सच्चाई दिखाने वाली खबरों को अमर उजाला में लगातार छापा गया था। इसके बाद लोनिवि की नींद टूटी और जिम्मेदार अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का एहसास हुआ। लोनिवि के जेई केके पाठक ने बताया कि खुटानी, बाईपास और तल्लीताल तक पैचिंग (गड्ढों को भरना) का काम शुरू हो गया है। खुटानी से लेकर तल्लीताल तक 68 लाख रुपये से डामरीकरण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने समस्या को लगातार उठाने के लिए अमर उजाला का आभार जताया है।