किच्छा। गन्ना कृषक कन्या महाविद्यालय के छात्रा संघ के चुनाव में बीए तृतीय वर्ष की आफरोज अध्यक्षा चुनी गईं। उन्होंने समीना बी को 34 मतों से पराजित किया। इसके अलावा रोजी अंसारी उपाध्यक्ष और कृतिका पांडे सचिव चुनी गई हैं।
चुनाव में कुल 172 छात्राओं में से 132 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद की प्रत्याशी आफरोज को 70, समीना बी को 36 और राना प्रजापति को 26 मत हासिल हुए। उपाध्यक्ष में रोजी अंसारी को कुल 116 मत मिले जबकि हर्षिता को मात्र 16 मत मिले।
सचिव पद के लिए कुल चार प्रत्याशी मैदान में थे, जिनमें कृतिका पांडे को 78, भावना बिष्ट को 35, आरती राठौर को 5 और सायना बी को 13 मत मिले। सचिव पद पर एक मत निरस्त हो गया। चुनाव अधिकारी डॉ. ममता ने चुनी गईं तीनों पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। कॉलेज प्राचार्य डॉ. मंजू बोरा ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से पूरा किया गया।