नैनीताल। राजस्व न्यायालय सहित विभिन्न प्राधिकरणों में व्याप्त अनियमितताओं के विरोध में अधिवक्ताओं ने मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन किया। धरने की सूचना पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) अरविंद पांडेय धरना स्थल पर पहुंचे। अधिवक्ताओं ने कहा समस्या का समाधान नहीं होने पर हल्द्वानी व रामनगर बार एसोसिएशन के साथ 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
मंगलवार को जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए अधिवक्ताओं का आरोप है कि राजस्व न्यायालयों में ऐसे बाहरी व्यक्ति कार्य कर रहे हैं जिनके पास कोई वैधानिक अधिकार नहीं है। अधिकारियों की ओर से निर्धारित समय पर न्यायालयों में न बैठने की शिकायत भी सामने आ रही है। पत्रावलियों में क्रमांक अंकित नहीं करने के साथ पटवारी और कानूनगो समय पर रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर रहे हैं। इससे वादकारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्राधिकरण कार्यालयों में भी फाइलों को अनावश्यक रूप से अटकाने का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं ने व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की। सीडीओ अरविंद पांडेय ने जिलाधिकारी से वार्ता कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। एसोसिएशन के सचिव दीपक रुबाली ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो हल्द्वानी व रामनगर बार एसोसिएशन के साथ 11 फरवरी से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर अध्यक्ष भगवत प्रसाद, प्रताप पडियार, नीरज साह, ज्योति प्रकाश बोरा, राजेंद्र पाठक, अखिलेश साह, भगवत जंतवाल, अनिल बिष्ट, राजेंद्र पंत, शिवांशु जोशी आदि मौजूद रहे।