हल्द्वानी। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चंपावत, अल्मोड़ा, पौड़ी, हरिद्वार, देहरादून और टिहरी जिले में भारी बरसात की संभावना को देखते हुये चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन जिलों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक बरसात हो सकती है। मौसम विभाग के इस पूर्वानुमान में इस बात से भी इनकार नहीं किया जा रहा है कि कु छ स्थानों पर अतिवृष्टि के मामले भी सामने आ सकते हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूरे प्रदेश में बरसात का सिलसिला जारी रहेगा। इसके बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी चेतावनी जारी की है। नैनीताल, चंपावत सहित आठ जिलों के लिये जारी अलर्ट में इन जिलों के कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बरसात की संभावना जताई है। इसके अलावा उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले में भारी बरसात की संभावना भी जताई गई है।
अधिकतर जिलों में शनिवार को भी बरसात जारी रही और कुछ स्थानों पर भारी बरसात के कारण जन जीवन भी प्रभावित हुआ। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक संबंधित जिलों को सतर्क कर दिया गया है। मौसम विभाग की ओर से जारी चेतावनी के हिसाब से देखा जाए तो अगले 24 घंटे कुछ जिलोें पर भारी गुजर सकते हैं। मौसम विभाग ने नैनीताल सहित कुछ जिलों में अत्यधिक भारी बरसात की संभावना जताई है। इसका मतलब यह भी है कि इन जिलों में कुछ स्थानों पर 100 से 200 मिमी तक की बरसात हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक एक ही स्थान पर एक घंटे से अधिक समय तक 100 मिमी से अधिक बरसात होने को बादल फटना कहा जा सकता है।
ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी का साफ मतलब है कि आने वाले 24 घंटे मेें हालात सामान्य किसी भी रूप में रहने वाले नहीं हैं। मौसम विभाग की चेतावनी टेक एक्शन के रूप में है और इसका मतलब यह भी है कि संबंधित क्षेत्र में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाना चाहिये। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को नदियों के बाढ़ क्षेत्र और भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों से दूर रहने को कहा जा चुका है। इसके साथ ही किसी भी तरह की आशंका होने पर यातायात और अन्य किसी तरह का आवागमन रोकने को भी कहा गया है।