हल्द्वानी। एमबीपीजी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 22 अगस्त निर्धारित की गई है। स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया समर्थ पोर्टल पर तकनीकी समस्या के कारण अस्थायी रूप से बाधित है।
कुमाऊं विश्वविद्यालय की ओर से कहा गया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण कर लिया था, उनके लिए महाविद्यालय स्तर पर समीक्षा एवं प्रक्रिया विकल्प 22 अगस्त तक सक्रिय रहेगा। इस अवधि में प्रवेश स्वीकृति एवं प्रवेश शुल्क जमा करने की कार्रवाई पूर्ण की जा सकेगी।
प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी पात्र अभ्यर्थियों से 22 अगस्त तक अनिवार्य रूप से प्रवेश शुल्क जमा करने के लिए कहा है। प्रवेश प्रभारी प्रोफेसर जीवन सिंह गढ़िया ने बताया कि स्नातकोत्तर कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया 14 अगस्त से प्रारंभ होनी थी। महाविद्यालय की ओर से आवेदन पत्र प्राप्त कर लिए गए हैं परंतु समर्थ पोर्टल पर सत्यापन की सुविधा उपलब्ध न होने के कारण शुल्क जमा नहीं हो पा रहा है।
अब तक 4255 प्रवेश हुए, बीए में सबसे अधिक एडमिशन
महाविद्यालय में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। 17 अगस्त तक कुल 4255 छात्रों ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश लिया है। प्रवेश प्रभारी जीवन सिंह गढ़िया ने बताया कि अब तक बीए प्रथम सेमेस्टर में 2439, बीकॉम में 922, बीएससी बायो में 471 और बीएससी पीसीएम में 423 प्रवेश हो चुके हैं।
आईटीआई में प्रवेश आवेदन का आज अंतिम मौका
हल्द्वानी। राजकीय आईटीआई हल्द्वानी में पहली मेरिट के बाद खाली रह गई सीटों को भरने के लिए अब दोबारा ट्रेड आवेदन लिए जाएंगे। इच्छुक अभ्यर्थी 18 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। दूसरी मेरिट 19 अगस्त को जारी की जाएगी जिसके बाद विभिन्न ट्रेडों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण मयंक अग्रवाल ने बताया कि पहली मेरिट 238 अभ्यर्थियों की जारी की गई थी। इसमें से 116 अभ्यर्थियों ने ही प्रवेश लिया। इसके चलते कई ट्रेडों में सीटें खाली रह गई हैं। इन सीटों को भरने के लिए विभाग ने दोबारा आवेदन प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया है। संयुक्त निदेशक ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों का नाम पहली मेरिट में नहीं आया था या जो किसी कारणवश प्रवेश नहीं ले पाए, वे भी इस बार आवेदन कर सकते हैं।