नैनीताल/हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में इस बार 17 अगस्त को मौसम ने पिछले वर्षों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। गौला बैराज में सोमवार को 23 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जो पिछले पांच वर्षों में 17 अगस्त को हुई सबसे अधिक वर्षा है। इससे क्षेत्र में मौसम के बदलते मिजाज के संकेत मिल रहे हैं।
इधर सोमवार को जिले का मौसम खराब रहा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की सोमवार शाम 4:10 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में 18 मार्ग बाधित हैं। इनमें दो राज्य मार्ग, एक जिला मार्ग और 15 ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। जिले में सोमवार सुबह आठ बजे तक औसत 13 मिमी बारिश दर्ज की गई।
एक जून से अब तक जिले में 640 मिमी से अधिक बारिश हो चुकी है। आंकड़ों के अनुसार जून में 124 मिमी, जुलाई में 383 मिमी और अगस्त में अब तक 135.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जुलाई में जून के मुकाबले तीन गुना से अधिक बारिश हुई। आपदा प्रबंधन अधिकारी योगेश उनियाल के अनुसार अगस्त अभी पूरा नहीं हुआ है, ऐसे में आने वाले दिनों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है।
काठगोदाम में 17 अगस्त को हुई बारिश का रिकॉर्ड
वर्ष बारिश की स्थिति गौला का जलस्तर
2021
बारिश नहीं हुई 1054 क्यूसेक
2022 01 मिमी
513 क्यूसेक
2023
बारिश नहीं हुई
1689 क्यूसेक
2024
17 मिमी
1168 क्यूसेक
2025 01 मिमी
3113 क्यूसेक
कहां कितनी बारिश
नैनीताल स्नो व्यू : 47 मिमी
हल्द्वानी : 23मिमी
कालाढूंगी : 22मिमी
चोरगलिया : 15.5 मिमी
कैंचीधाम : 10 मिमी
खनस्यू : 6.0 मिमी
रामनगर : 3.2 मिमी
बेतालघाट : 2.5 मिमी
मुक्तेश्वर : 0.3 मिमी
नोट : आंकड़े सोमवार सुबह आठ बजे तक के हैं।
ये मार्ग हैं बंद
बारिश के कारण गर्जिया-घुघूतीधार-बेतालघाट मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-62) और रामनगर-भंडारपानी-अमगड़ी मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-71) बाधित हैं। इनके अलावा डोबा-गोनियारो, पदमपुरी-बबियाड़, कुंडल-भोलापुर, भीमताल-नौकुचियाताल, हरिनगर-चंदादेवी और छीड़ाखान-अमजड़ समेत कई ग्रामीण मार्गों पर यातायात प्रभावित है। आपदा प्रबंधन की रिपोर्ट के अनुसार मानसून काल में जिले में अब तक तीन जनहानि, छह आंशिक भवन क्षति, 20 आंगन की दीवारों को नुकसान और एक पशु की हानि दर्ज की गई है।
लगातार बारिश से नाले की सुरक्षा दीवार गिरी
नैनीताल। बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश से मार्ग पर मलबा आने के साथ ही सुरक्षा दीवारें गिरने की घटनाएं भी हो रही हैं। सोमवार को जिला पंचायत मार्ग पर स्थित किशन सिंह अधिकारी के आवास के पास नाले की सुरक्षा दीवार गिर गई। लगातार बारिश के चलते वहां आवासीय परिसर के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। क्षेत्रीय सभासद पूरन सिंह बिष्ट ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दी जिसके बाद सिंचाई विभाग और राजस्व टीम ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। संवाद
गौला बैराज से 2797 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश के कारण गौला बैराज में भारी सिल्ट जमा हो गई। इसे साफ करने के लिए सोमवार को बैराज से 2797 क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया। इसके बाद जल संस्थान और सिंचाई विभाग की नहरों को साफ किया गया। अपर सहायक अभियंता प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि दोपहर ढाई बजे से बैराज में जमा सिल्ट को साफ किया गया। इसके बाद जल संस्थान और नहरों में पानी की आपूर्ति की गई। शाम तक बैराज में नदी प्रवाह सामान्य रहा।
गौला में आए कचरे ने रोक दी हल्द्वानी और काठगोदाम की जलापूर्ति
हल्द्वानी। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बारिश के बाद सोमवार को गौला बैराज में सिल्ट जमा हो गई। नहरों की जालियों में कचरा जमा होने से पानी की निकासी बाधित हो गई। दोपहर ढाई बजे सिल्ट की सफाई के लिए जल संस्थान के शीतलाहाट और शीशमहल फिल्टर प्लांट की जलापूर्ति रोकी गई। सिंचाई विभाग के साथ ही संस्थान की ओर से कॉलटैक्स क्षेत्र में नहरों से भी कचरा साफ किया गया। फिल्टर प्लांटों की सप्लाई प्रभावित होने से शाम को 30 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। करीब दो घंटे बाद जलापूर्ति सुचारु हो पाई। शाम को चार बजे बाद फिल्टर प्लांट को पानी की सप्लाई होने लगी थी।
बारिश से स्कूली बच्चों की राह हुई मुश्किल
हल्द्वानी। नगर निगम के वार्डों के लिंक मार्ग इन दिनों बदहाल पड़े हैं। रविवार रात हुई बारिश का सिलसिला सोमवार सुबह तक चला। ऐसे में शहर के बरेली रोड, नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड के साथ ही मुखानी, जज फार्म, डहरिया, आनंदपुरी आदि क्षेत्रों की सड़कों पर जलभराव हो गया। कीचड़ से सनीं सड़कों पर चलना मुश्किल भरा हो गया। कुसुमखेड़ा के संगम विहार फेस-वन में सड़क इतनी खराब हो गई कि स्कूली बच्चे ड्रेस-जूते खराब होने के डर से घर लौट गए।