हल्द्वानी। अपराधों पर अंकुश लगाने और नैनीताल घटना के बाद बाहरी लोगों की पहचान के लिए सत्यापन का अभियान शनिवार को चला। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के आदेश के बाद साथ शहर के कई क्षेत्रों में अभियान चला।
बनभूलपुरा क्षेत्र में सत्यापन अभियान एसपी सिटी प्रकाश चंद, सीओ सिटी नितिन लोहनी, सीओ लालकुआं दीपशिखा के नेतृत्व में चलाया गया। पुलिस टीम के साथ पैरामिलेट्री फोर्स भी शामिल रही। पानी की टंकी, रहमत का बगीचा, जवाहर नगर रोड, शनि बाजार रोड, लाइन नंबर 18 से इंदिरा नगर ठोकर तक चेकिंग की गई।
टीम ने 287 व्यक्तियों का सत्यापन किया। साथ ही 73 मकान मालिकों/ठेकेदारों पर कार्रवाई की। इसमें 13 मकान मालिकों का 10-10 हजार रुपये का कोर्ट चालान किया गया। 60 लोगों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट में कार्रवाई कर 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
-
रियाजुल के घर के कनेक्शन से तीन घर हो रहे थे रोशन
सत्यापन अभियान के दौरान दो जगह बिजली कनेक्शन का दुरुपयोग पकड़ में आया। रियाजुल हसन निवासी 30 फुटा रोड, मलिक का बगीचा ने अपने घर से तीन घरों में अवैध रूप से बिजली सप्लाई की थी। उसका बिजली कनेक्शन पूर्व में अनियमितताओं के चलते काटा गया था। इसी तरह परवेज निवासी 30 फुटा रोड, मलिक का बगीचा ने अपने घरेलू कनेक्शन से स्टार फर्नीचर नामक दुकान को बिजली दी थी। ऊर्जा निगम के जेई को मौके पर बुलाकर दोनों के विद्युत संयोजन काटे गए। साथ ही निगम की ओर से कार्रवाई की जा रही है।
-
घर में लगा था ताला, अंदर मिले रामपुर निवासी पिता और पुत्र
सत्यापन के दौरान एक मकान में बाहर से ताला लगा पाया गया। जांच करने पर मकान के भीतर जाहिद अली निवासी टांडा बादली, जनपद रामपुर उत्तर प्रदेश और उसका पुत्र मो. अली मिले। मकान मालिक इकबाल निवासी इंदिरा नगर ने सत्यापन भी नहीं कराया। दोनों ई-रिक्शा चालक हैं। पूछताछ के लिए उन्हें थाने लाया गया। मकान मालिक के खिलाफ भी पुलिस एक्ट में कार्रवाई की गई है।