डीजीपी एमए गणपति पैराशूट पोस्टिंग पर एसएसपी बनने वालों पर पैनी नजर रखे हुए है। मंगलवार को देहरादून से वीडियो कांफ्रेंसिंग में अधीनस्थ अधिकारियों से बातचीत के दौरान ये तथ्य सामने आए। प्रदेश पुलिस प्रमुख ने यहां तक बोल दिया कि एक जिले में तीन बार पोस्टिंग का मतलब वसूली करना है। उनका इशारा कुमाऊं रेंज में तैनात हुए एक अधिकारी पर था।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले के पुलिस अधीक्षकों की तैनाती के लिए प्रदेश के पुलिस प्रमुख से पूछा तक नहीं गया है। सीधे गृह विभाग से तैनाती कर दी गई है। यहां तक कि एक जिले में दो बार पहले रहे अधिकारियों को राजनीतिक दबाव के चलते फिर उसी जिले का प्रमुख बना दिया गया है।
मंगलवार को डीजीपी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान प्रत्येक जिले के पुलिस अधीक्षकों को अलग अलग टास्क दिए। उन्होंने पैराशूट पोस्टिंग (सीधे गृह विभाग की तैनाती) वाले अधिकारियों पर बगैर नाम लिए तीखा प्रहार किया। एडीजी की तरफ इशारा करते हुए डीजीपी ने पैराशूट पोस्टिंग वाले अधिकारियों की एक एक केस की समीक्षा करने के निर्देश दिए। इमानदार आईपीएस के रुप में चर्चित डीजीपी ने बड़े साफगोई से पैराशूट अधिकारियों पर तीखा वार किए। अच्छा कार्य करने पर उन्होंने नैनीताल पुलिस की सराहना भी की। कुमाऊं रेंज के पुलिस अधिकारियों के बीच मंगलवार की वीडियो कांफ्रेंसिंग की बातें काफी चर्चा में रही।