नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों की भारी भीड़ जुटने की संभावना को देखते हुए परिवहन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है। राष्ट्रीय अवकाश और लंबे सप्ताहांत के चलते इस मार्ग पर यात्रियों के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने और सुगम व सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए रोडवेज बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने का निर्णय लिया गया है।
हर वर्ष इस अवधि में पहाड़ी क्षेत्रों, विशेषकर नैनीताल में पर्यटकों की संख्या में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होती है। इससे नियमित बसों में भारी भीड़ रहती है और यात्रियों को स्टेशनों पर घंटों इंतजार करना पड़ता है। इस बार यात्रियों को इस परेशानी से बचाने के लिए हल्द्वानी और नैनीताल दोनों मुख्य स्टेशनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
रोडवेज स्टेशन इंचार्ज विमला ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है इसलिए भीड़ के मद्देनजर बसों के अतिरिक्त फेरे का पूरा प्लान तैयार है। किसी भी स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ते ही रिजर्व बसों को तुरंत रवाना किया जाएगा ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।