नैनीताल। नगर पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल के नेतृत्व में सभासदों और पालिका टीम ने कुंदन लाल साह ट्रस्ट नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज ऐशडेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय में तैनात सभी कर्मचारी उपस्थित मिले जबकि खुद शिकायतकर्ता शिक्षिका बबीता जोशी अनुपस्थित पाई गईं। पालिकाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि कार्य में कोताही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पूर्व में मिली शिकायतों की जांच के लिए बृहस्पतिवार को पालिकाध्यक्ष अचानक स्कूल पहुंची थीं। शिक्षिका बबीता जोशी ने ही पूर्व में सफाई और भोजन की गुणवत्ता को लेकर लिखित शिकायत की थी लेकिन निरीक्षण के वक्त वे खुद स्कूल से नदारद मिलीं, जिस पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जताई।
इसके अलावा निरीक्षण में विज्ञान प्रयोगशाला में ताला लगा पाए जाने पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जताई। पूछताछ में पता चला कि चाबी संबंधित अध्यापिका के पास रहती है। डॉ. खेतवाल ने निर्देश दिए कि प्रयोगशाला की चाबी अन्य कक्षों की तरह सुरक्षित रखी जाए। कहा कि विद्यालय के विषय में को कोई भी समस्या होने पर प्रधानाचार्य लिखित में समस्या रखें जिससे नियमों के क्रम में उक्त समस्या के समाधान की कार्रवाई की जा सकेगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कभी भी निरीक्षण किया जा सकता है। अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यहां अध्यक्ष शिक्षा समिति सभासद सपना बिष्ट, ललिता दफौटी, शीतल कटियार आदि थे।