भीमताल (नैनीताल)। रामगढ़ के पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी के ग्राम सिमायल रैकवाल में निर्माणाधीन विद्यालय के भवन और भूमि की जांच के लिए सोमवार को जिला प्रशासन की टीम पुलिस के साथ पहुंचेगी।
चुनाव के बीच ही कार्रवाई के लिए प्रशासन की टीम का ये एक्शन ग्रामीणों में चर्चाओं का विषय बना हुआ है। लोग अचानक लिए गए इस एक्शन राजनीतिक दबाव में की जा रही कार्रवाई से जोड़कर देख रहे हैं।
सोमवार को ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख लाखन सिंह नेगी की पत्नी पुष्पा नेगी कांग्रेस से जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर नामांकन दाखिल करेंगी। इसी दिन प्रशासन की ओर से भवन निर्माण और भूमि की जांच पर लाखन नेगी के समर्थक सवाल खड़े कर रहे हैं।
लाखन सिंह नेगी और ग्रामीणों की ओर से पांच अगस्त को भवन निर्माण और भूमि की जांच के लिए पहुंचे तहसीलदार और राजस्व विभाग की टीम का विरोध किया गया था। नेगी ने प्रशासन पर सत्ता के दबाव में काम करने के साथ उनका और उनकी पत्नी का उत्पीड़न और जिपं अध्यक्ष के चुनाव से नाम वापस लेने का दबाव डालने का आरोप लगाते हुए विरोध किया था। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए तब प्रशासन की टीम वापस लौट गई थी।
वहीं तहसीलदार की तहरीर के आधार पर भवाली कोतवाली में लाखन सिंह नेगी और अन्य के खिलाफ पहले ही राजकीय कार्यों में बाधा डालने पर मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। इधर सोमवार को एक बार फिर से प्रशासन के अधिकारी पुलिस फोर्स के साथ भवन निर्माण और भूमि की जांच के लिए पहुंचेगी।