पुलिस के सिपाही पर आक्रोशित होते व्यापारी
- फोटो : KITCHHA
किच्छा। सिगरेट नह मिलने पर नशेड़ी ने व्यापारी की दुकान से सामान फेंकना शुरू कर दिया। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद पुलिस देर से पहुंची और आरोपी मौके फरार हो गया। आक्रोशित व्यापारियों ने सिपाही पर शराब पीकर बदतमीजी करने का आरोप लगाया।
सोमवार देर शाम एक नशेड़ी पुरानी सुनहरी स्थित एक किराना स्टोर पर सिगरेट मांगने पहुंच गया। दुकान के स्वामी नंद किशोर ने सिगरेट देने के लिए मना कर दिया। इसके बाद नशेड़ी ने दुकान में रखे सामान को फेंकना शुरू कर दिया। दुकान स्वामी ने पुलिस को फोन कर मामले की सूचना दी। आरोप है कि गश्ती पुलिस के दो सिपाही एक घंटा विलंब से घटना स्थल पर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान एक सिपाही ने वहां मौजूद व्यापारियों से बदतमीजी शुरू कर दी। व्यापारियों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही रात्रि पुलिस अधिकारी ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत किया। व्यापारियों का कहना है कि यदि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।