नैनीताल। नवनियुक्त कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि सरकारी स्तर पर उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं में किसी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी। कहा कि बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क के अलावा तहसील और ब्लॉक स्तर से आम लोगों को उपलब्ध होने वाली सेवाओं से लेकर विकास कार्यों तक सभी संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी। केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुमाऊं में संचालित बड़ी योजनाओं में संबधित एजेंसियों के बीच बेहतर तरीके से आपसी समन्वय कराते हुए संबंधित कार्यों को तयशुदा समय पर पूरा कराना उनकी प्राथमिकता रहेगी। रावत ने एटीआई निदेशक का कार्यभार भी ग्रहण किया।
रावत बृहस्पतिवार की देर शाम कुमाऊं कमिश्नर का कार्यभार ग्रहण करने के बाद कमिश्नरी में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों के लिए फील्ड विजिट अनिवार्य किया जाएगा ताकि उन्हें दूरदराज के गांवों में हो रहे विकास कार्यों की सही जानकारी मिल सके। नैनीताल समेत कुमाऊं के कई क्षेत्र पर्यटन के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में उनका प्रयास रहेगा कि पर्यटन को और अधिक बढ़ावा दिया जाए।
एक सवाल के जवाब में रावत ने कहा कि कोरोना को फैलने से रोकने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ओर से जारी प्रोटोकाल का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। कहा कि कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के साथ ही इस बात का भी ख्याल रखा जाएगा कि उससे पर्यटन व्यवसाय और संबंधित क्षेत्रों की आर्थिकी प्रभावित न हो।
वर्ष 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के संबंध में नवनियुक्त आयुक्त रावत ने कहा कि इस संबंध में निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। कहा कि हाल के दिनों में कुमाऊं में दैवी आपदा से खासा नुकसान हुआ है। पीड़ितों को तात्कालिक सहायता तो मिल गई होगी लेकिन जो उससे वंचित रहा होगा उसे जल्द से जल्द सहायता दिलाई जाएगी।
रावत के अनुसार दैवी आपदा से ध्वस्त हुई योजनाओं के पुनर्निर्माण की डीपीआर यदि अभी तक नहीं बनी होंगी तो उन्हें बनवाया जाएगा और यदि टेंडर हो गए होंगे तो काम जल्द से जल्द शुरू कराए जाएंगे। कहा कि शीघ्र ही वह अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
इस मौके पर डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसडीएम प्रतीक जैन, अपर आयुक्त प्रकाश चंद्र आदि मौजूद रहे।
कार्यभार संभालने से पहले मां नयना देवी मंदिर में किए दर्शन
नैनीताल। बृहस्पतिवार देर शाम नैनीताल पहुंचे आईएएस अधिकारी दीपक रावत कमिश्नर का कार्यभार ग्रहण करने से पहले मल्लीताल स्थित मां नयना देवी के मंदिर में पहुंचे और पूजा अर्चना की। इसके बाद रावत ने मां नयना देवी मंदिर परिसर से ही पाषाण देवी मंदिर के भी दर्शन किए। इस दौरान भाजपा नेता मनोज जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष विशाल वर्मा, विकास जोशी, धीरज बिष्ट, मोहित लाल साह, कांग्रेस नेता नितेश बिष्ट आदि मौजूद रहे।