रामनगर (नैनीताल)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्राचार्या डॉ. हेमा प्रसाद को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने वंचित रहे छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिलाकर उनकी फीस जमा करवाने की सुविधा मांगी।
छात्रसंघ अध्यक्ष रवींद्र सिंह रौतेला ने बताया कि पीएनजीपीजी महाविद्यालय में कई छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गए हैं। इन छात्रों का शुल्क भी जमा नहीं हुआ है। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने महाविद्यालय प्रशासन को कई बार अवगत भी कराया।
इसके बावजूद प्रशासन ने कोई निर्णय नहीं लिया। प्रदेश सहमंत्री चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि द्वितीय सेमेस्टर बीए, बीएससी, बीकॉम के पुन: एसाइनमेंट जमा करने के लिए कुविवि द्वारा विज्ञप्ति, निर्देश भी जारी हुए हैं, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने छात्रों को इसकी सूचना नहीं दी।
बिष्ट ने प्राचार्या हेमा प्रसाद से इस संदर्भ में जल्द निर्णय लेने की मांग की। अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी। ज्ञापन देने वालों में प्रदेश सहमंत्री चंदन सिंह बिष्ट, गौतम मटियाली, हेमंत रावत, नदीम अख्तर, रोबिन सिंह बिष्ट, जितेंद्र सिंह रावत, सूरज डौर्बी, धीरज मेहरा, अजीत रावत, विक्की बिष्ट, कमलेश बिष्ट आदि थे।