सोमवार को एसडीएम अशोक जोशी के नेतृत्व में पुलिस, नगर पंचायत ने कालाढूंगी मुख्य बाजार से अतिक्रमण हटाया। साथ ही, ईओ को दो दिन के अंदर बाजार में सड़कों पर चूने की पट्टी डालकर मार्ग निर्धारण करने का आदेश दिया। टीम ने सड़क पर सामान फैलाकर रखने वाले 13 दुकानदारों का नकद चालान कर 3350 रुपये वसूले। प्रशासन की इस कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
अमर उजाला की खबर का संज्ञान लेते हुए सोमवार को जिला प्रशासन ने कालाढूंगी में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। प्रशासन की कार्रवाई से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। कुछ व्यापारियों ने खुद ही सामान हटा लिया। प्रशासन की इस कार्रवाई की वीडीओ रिकार्डिंग भी की गई। इस दौरान थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार उनियाल, ईओ नगर पंचायत जयबीर सिंह राठी, पटवारी मोहित बोरा, भूपाल बोरा, कांस्टेबल मनोज कुमार, राजाराम, जितेंद्र कुमार आदि थे।
सड़क पर सामान फैलाने वाले व्यापारियों का नकद चालान किया गया है। अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई है। इसके बाद भी किसी व्यापारी ने सड़क पर दुकान लगाई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। -अशोक जोशी, एसडीएम
फोटो- अतिक्रमण हटाते एसडीएम, थानाध्यक्ष, ईओ।