हल्द्वानी हिंसा के मास्टरमाइंड अब्दुल मलिक ने दावा किया है वह सात और आठ फरवरी को दिल्ली और हरियाणा में था। अपने अधिवक्ता अहरार बेग की ओर से पुलिस महानिदेशक भेजे पत्र में उसने कहा कि उसे झूठा फंसाया जा रहा है। इस बीच न तो वह नैनीताल गया और न ही किसी से बात हुई। हालांकि डीजीपी अभिनव कुमार ने ऐसे किसी भी पत्र के मिलने से इन्कार किया है।
अब्दुल मलिक की गिरफ्तारी के बाद एक पत्र वायरल हो रहा है। पत्र के अनुसार सात फरवरी को अब्दुल मलिक अपने ड्राइवर जहीर अहमद के साथ तीन घंटे तक नोएडा के सेक्टर 18 में स्थित एक फाइव स्टार होटल के रेस्टोरेंट में था। शाम पांच बजे पीलीभीत निवासी अपने अधिवक्ता सुधीर तिवारी को वहां बुलाया। फिर सेक्टर 31 में उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता विशाल बख्शी के घर पहुंचे थे। पत्र के अनुसार शाम 7:30 बजे अब्दुल मलिक ने सुधीर तिवारी के साथ सेक्टर-18 के एक रेस्टारेंट में खाना खाया। रात में अपने ड्राइवर के साथ दिल्ली में एक होटल में रुका।