नैनीताल/हल्द्वानी। पर्यटन कारोबारियों के साथ साथ पुलिस प्रशासन भी क्रिसमस और नववर्ष की तैयारियों में जुट गया है। इसके लिए नैनीताल पुलिस ने यातायात प्लान जारी कर दिया है। इसमें स्थानीय लोगों के लिए आधार कार्ड दिखाना अनिवार्य किया गया है ताकि उन्हें दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
पुलिस का कहना है कि क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर नैनीताल शहर में पर्यटकों के वाहन बगैर किसी रोकटोक के किसी भी निर्धारित मार्ग से आ जा सकते हैं। वाहनों की पार्किंग मेट्रोपोल, अशोका और डीएसए पार्किंग में होगी। इन पार्किंग के 70 फीसदी पैक होने की स्थिति में वाहनों को सूखाताल पार्किंग व कुमाऊं मंडल विकास निगम की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर एसपी यातायात और अपराध डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ विभा दीक्षित व यातायात निरीक्षक नैनीताल आदेश कुमार की ओर से यातायात प्लान तैयार किया गया है।
पार्किंग पैक होने पर अस्थायी पार्किंग स्थलों में रोके जाएंगे वाहन
नैनीताल। यातायात प्लान के मुताबिक नैनीताल में डीएसए, अशोका और मेट्रोपोल पार्किंग के फुल होने और केएमवीएन व सूखाताल पार्किंग के 70 फीसदी फुल होने पर पर्यटकों के वाहन अस्थायी पार्किंग रूसी बाइपास और नारायण नगर में रोका जाएगा। भवाली से नैनीताल आने वाले वाहन मस्जिद तिराहा भवाली से नंबर वन बैंड से डायवर्ट होकर रूसी बाईपास हल्द्वानी रोड पर खड़े होंगे। वहां से पर्यटकों को शटल सेवा से नैनीताल भेजा जाएगा। कालाढूंगी से नैनीताल आने वाले पर्यटकों के वाहनों को रूसी बाईपास कालाढूंगी रोड और नारायण नगर पार्किंग स्थल में पार्क करवाकर शटल सेवा से नैनीताल भेजा जाएगा।
नैनीताल शहर में पर्यटक वाहनों का दबाव होने पर कालाढूंगी तिराहा और काठगोदाम तिराहे में वाहनों की चेकिंग शुरू की जाएगी। कालाढूंगी से भीमताल, भवाली, अल्मोड़ा जाने वाले पर्यटकों को कालाढूंगी से मंगोली होते हुए रूसी नंबर वन बैंड से रूसी नंबर टू बैंड होते हुए नंबर वन बैंड से भवाली और अल्मोड़ा भेजा जाएगा।
इसी तरह कालाढूंगी तिराहे से नैनीताल की ओर केवल केमू की बस व टेंपो ट्रैवलर आएंगे। बीते दिनों हुए सड़क हादसों के चलते पर्यटकों की बड़ी बस को कालाढूंगी से ऊपर नहीं आने दिया जाएगा जबकि बारापत्थर से पंगोट रोड पर टेंपो ट्रैवलर नहीं जाएंगे, केवल हल्के चार पहिया वाहन को प्रवेश दिया जाएगा।
यातायात दबाव बढ़ने पर बाइकर्स पर भी लगेगी रोक
नैनीताल। नैनीताल शहर में यातायात का दबाव ज्यादा बढ़ने पर अन्य जिलों से नैनीताल आने वाले बाइकर्स को कालाढूंगी तिराहे व रानीबाग में रोका जाएगा। वहां से यह लोग पब्लिक ट्रांसपोर्ट (बस, टैक्सी) से नैनीताल भेजे जाएंगे।
जू शटल वाहनों के लिए भी होगी व्यवस्था
नैनीताल। पुलिस की ओर से जारी प्लान के अनुसार जू-शटल के वाहनों को सैंट फ्रांसेंस चर्च के नीचे पार्क कराया जाएगा। वहां से इन वाहनों को बारी-बारी से जू की ओर भेजा जाएगा। इंडिया होटल के पास किसी भी तरह के टैक्सी, प्राइवेट और जू-शटल वाहनों को खड़े नहीं हाेने दिया जाएगा।
यह रहेगा कैंची धाम में यातायात प्लान
नैनीताल। पुलिस ने कैंची धाम में भीड़ की संभावना को देखते हुए भी यातायात प्लान बनाया है। इसके अनुसार यातायात सामान्य रहने तक कैंची धाम में पर्यटकों के वाहनों को बिना किसी रोकटोक के कैंची भेजा जाएगा। कैंची धाम स्थित पार्किंग पैक होने पर वाहनों को भवाली स्थित विभिन्न पार्किंग स्थलों में पार्क कराकर पर्यटकों को शटल सेवा से कैंची भेजा जाएगा। जरूरत पड़ने पर भारी वाहनों को क्वारब से डायवर्ट कर मौना होते हुए खुटानी भेजा जाएगा। साथ ही हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर आने वाले भारी वाहनों को खुटानी होते हुए क्वारब की ओर से भेजा जाएगा। वाहनों का दबाव अत्यधिक होने पर हल्द्वानी से आने वाले वाहनों को वाया भीमताल, भवाली होते हुए कैंची भेजा जाएगा व वापसी हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को भवाली चौराहा, गेठिया ज्योलीकोट होते हुए हल्द्वानी भेजा जाएगा। इस प्रकार वन वे व्यवस्था रहेगी।
आधार कार्ड को साथ में रखें
नैनीताल। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वह क्रिसमस और नववर्ष के मौके पर यदि आवाजाही करते हैं तो अपना आधार कार्ड साथ में रखें। स्थानीय लोगों को भी आधार कार्ड चेक कर सामान्य तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। जिन होटलों में पार्किंग की सुविधा है उन होटलों में बुकिंग वाले पर्यटकों के वाहनों को भी सामान्य प्रवेश दिया जाएगा। स्थानीय नागरिक अन्य वाहनों से हैं तो उनका आधार कार्ड चेक कर सामान्य प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही लोकल टैक्सियों को भी सामान्य प्रवेश दिया जाएगा। सरकारी सेवा से संबंधित वाहनों को सामान्य प्रवेश दिया जाएगा। जिनके व्यापार या दुकानें नैनीताल शहर में हों उनको भी सामान्य प्रवेश दिया जाएगा।