हल्द्वानी एफटीआई में आयोजित दीक्षांत समाराहे में उपाधी प्रदान करती अतिथि। स्रोत : विभाग
हल्द्वानी। उत्तराखंड वन विकास निगम (स्केलर) प्रशिक्षण 2025 प्रथम सत्र के दीक्षांत समारोह में प्रशिक्षुओं को मेडल और ट्राॅफी भी प्रदान की गई। इससे पहले पासिंग आउट परेड का भी आयोजन किया गया। इस दाैरान चैतन्य चाैहान को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षार्थी चुना गया। चैतन्य को वार्षिक परीक्षा में कांस्य और वन उपज प्रबंधन ट्राॅफी से भी नवाजा गया।
उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी के नैन सिंह ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि उत्तराखंड वन विकास निगम की महाप्रबंधक व प्रभारी निदेशक डाॅ. तेजस्विनी अरविंद पाटिल ने प्रशिक्षणार्थियों से ट्रेनिंग में प्राप्त अनुभवों का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने सभी प्रशिक्षणार्थियों को उनके बेहतर भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान मुख्य अतिथि ने वार्षिक परीक्षा के आधार पर अभिषेक शर्मा को स्वर्ण, राहुल प्रथोली को रजत और चैतन्य चौहान को कांस्य पदक प्रदान किया। अभिषेक शर्मा व अमित सिंह रावत को लघु वन उपज ट्राफी, अमन बिष्ट को गणनात्मक विज्ञान एवं लेखा उपलब्धि ट्राफी, चैतन्य चौहान को वन उपज प्रबंधन ट्राॅफी, राहुल प्रथोली को लौगिंग ट्राॅफी, मुकेश चंद्र को सर्वश्रेष्ठ विपणन ट्राॅफी और चैतन्य चौहान को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षणार्थी के रूप में सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने पासिंग आउट परेड का निरीक्षण किया। वहां उत्तराखंड वन विकास निगम के आरएम मयंक शेखर झा, उत्तराखंड वानिकी प्रशिक्षण अकादमी की उप निदेशक डाॅ. अभिलाषा सिंह, प्रभारी उप निदेशक आशीर्वाद कटियार, मयंक आदि थे।