नैनीताल। कृष्णापुर के निवासियों के लिए शीघ्र दोपहिया वाहनों का मार्ग बनने की उम्मीद जगी है। सिंचाई विभाग की ओर से भी इसके लिए कवायद शुरू की जा चुकी है। करीब 20 लाख रुपये से मार्ग निर्माण किया जाएगा।
वर्ष 2018 में बलियानाला में हुए भूस्खलन में मार्ग का बड़ा हिस्सा ढहने के बाद से कृष्णापुर वार्ड में रहने वाले चार हजार लोगों से अधिक की आबादी को परेशानी हो रही थी। बीते दिनों क्षेत्र के लोगों ने रोड नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ करीब 24 दिनों तक आंदोलन किया था। भूवैज्ञानिक भाष्कर पाटनी समेत पीएमसी सदस्यों की रायशुमारी के बाद दोपहिया वाहनों के लिए मार्ग बनाना तय हुआ। सिंचाई विभाग के एई प्रमोद पाठक ने बताया कि विभाग की ओर से इसके लिए कवायद शुरू की जा चुकी है। करीब 20 लाख रुपये की धनराशि से कार्य करा लिया जाएगा। शीघ्र ही सर्वे कर डीपीआर की फाइल आगे बढ़ाई जाएगी।