हल्द्वानी। कुमाऊं में केबल संचालन को लेकर दो पक्षों के बीच घमासान छिड़ गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर केबल काटने का आरोप लगाते हुए एसपी सिटी को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राजनीतिक दबाव के चलते कार्रवाई करने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विवाद टालने के लिए दोनों पक्षों से बांड भराया जाएगा।
केबल नेटवर्क के संचालक तारिक ने एसपी सिटी यशवंत सिंह चौहान को शिकायती प्रार्थनापत्र दिया । इसमें बताया कि वह शहर में दो दशकों से केबल नेटवर्क चला रहा है । शुक्रवार को उसके कर्मचारियों ने बताया कि बेतालघाट तक उनकी केबल लाइन रात में काट दी है। इस कारण अल्मोड़ा तक नेटवर्क संचालन में दिक्कत आ रही है। आशंका है कि प्रतिद्वंद्वी केबल नेटवर्क संचालक के इशारे पर दो लोगों ने केबिल को काटा है।
एसपी सिटी ने इस मामले में कोतवाल को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इधर दो दिन पहले दीप सर्विस के संचालक दीपक कुमार ने एसपी सिटी को प्रार्थनापत्र दिया था। आरोप लगाया कि उसका केबल प्रतिद्वंद्वी लोगों ने काट दिया है। उन्होंने धमकी दी है कि कुमाऊं में किसी अन्य व्यवसायी को केबल का काम नहीं करने देंगे। सत्ता के दबाव में अधिकारी भी कार्रवाई करने से बच रहे हैं।
दोनों पक्षों के विवाद का मामला सिटी मजिस्ट्रेट हरबीर सिंह तक भी पहुंचा था लेकिन उन्होंने मामले को टाल दिया। पुलिस को आशंका है कि इस समस्या का समाधान नहीं होने पर कभी भी स्थिति बिगड़ सकती है। पुलिस दोनों पक्षों को कागजी कार्रवाई के तहत घेरने की कोशिश में लगी है। इधर दोनों पक्ष सत्ता पक्ष के एक बड़े नेता के घर पहुंचे थे। दोनों पक्षों का दावा है कि नेता ने दोनों पक्षों को काम करने के लिए हरी झंडी दे दी है।