भीमताल/गरमपानी/भवाली (नैनीताल)। वीकेंड के दूसरे दिन शनिवार को भी कैंची धाम में सुबह चार बजे से उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ से पुलिस की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई। सुबह चार से रात 8 बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर में काफी भीड़ देखने को मिली।
शनिवार को 30 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे। श्रद्धालु मंदिर का गेट खुलने से पहले ही लाइन लगाकर बाहर बैठ गए। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते धाम में व्यवस्थाएं बिगड़ने से मंदिर के चौकीदार भी परेशान रहे। श्रद्धालुओं को लाइन में लगाने के लिए सभी के पसीने छूट गए। देर शाम 8 बजे तक कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, रानीखेत, धारचूला, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने और जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्रियों को तीन घंटे से अधिक जाम का सामना करना पड़ा।
भीमताल में पटरी से उतरी यातायात व्यवस्था
भीमताल में भी शनिवार को उमड़ी भीड़ के चलते सैलानियों को जाम का सामना करना पड़ा। तिकोनिया से डांठ तक सड़क किनारे वाहन खड़े करने से जाम लगने से यात्री और स्थानीय लोग परेशान रहे। लोगों ने कहा कि सड़क किनारे बने अवैध बोट स्टैंड संचालकों की ओर से खड़े किए जा रहे वाहन चालकों पर पुलिस और सिंचाई विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस की ओर से वाहनों को हटाया भी नहीं जा रहा है। इसके जाम की समस्या बनी हुई है। व्यापारियों ने कहा कि पुलिस जाम खोलने में नाकाम साबित हो रही है। भवाली और सेनिटोरियम में भी सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम की समस्या बनी रही।
1- कैंची धाम में लगने वाले जाम से यात्री, डायलिसिस के मरीज और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से बुजुर्गों और विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा। कर्मचारियों को भी जाम के चलते आए दिन समस्या हो रही है। लोक निर्माण विभाग ने समय रहते रातीघाट बाईपास का काम शुरू नहीं किया तो स्थानीय लोगों के साथ आंदोलन किया जाएगा। - अंकित साह, ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट
2- कैंची धाम में जाम से पहाड़ के यात्री परेशान हो रहे हैं। सड़क किनारे वाहन खड़े करने से भी जाम की समस्या बनी हुई है और मरीजों को भी जाम का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और लोक निर्माण विभाग को कैंची धाम में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल्द से जल्द रातीघाट बाईपास का निर्माण कार्य पूरा कर यातायात सुचारू करना चाहिए। तीन दिन के वीकेंड ने पूरे क्षेत्र की छवि को धूमिल किया है। - भुवन तिवारी, अध्यक्ष होटल एसोसिएशन, कैंची धाम