हल्द्वानी। गौला खनन संघर्ष समिति ने ट्रांजिट शुल्क और वैट घटाने की मांग को लेकर बाजपुर में सीएम को ज्ञापन को सौंपा। ज्ञापन देने के दौरान पुलिस और सुरक्षा कर्मियों के बीच नोकझोंक भी हुई।
गौला संघर्ष समिति लंबे समय से मांगों को लेकर संघर्ष कर रही है। मुख्यमंत्री के बाजपुर पहुंचने की सूचना मिली, तो हल्द्वानी से समिति के अरशद अयूब, पम्मी सैफी, मनोज मठपाल, पप्पू सैफी समेत बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री से मिलने की कोशिश की तो उनकी पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक हो गई। हालांकि बाद में समिति के लोगों ने सीएम को ज्ञापन सौंपकर बढ़े शुल्क के कारण हो रही परेशानियों को बताया। समिति के लोगों का कहना था कि खनन बंद होने से हजारों लोगों के सामने आर्थिक संकट आ गया है। इसके बाद शाम को समिति के लोगों की चोरगलिया रोड हल्द्वानी में मीटिंग हुई। इसमें खनन बंद होने के बाद मौजूदा परिस्थितियों के साथ आगे की आंदोलन की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया। इस दौरान दौरान सतनाम सिंह, नसीम, मो. उमर, संजय बोरा, महेश शर्मा, चांद और नफीस, जावेद सैफी, इस्लाम मिकरानी आदि मौजूद थे।