हल्द्वानी। राजपुरा में हुए शिक्षक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। हत्या में तीन लोग शामिल थे, जिनमें से एक वेल्डर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। हत्या के पीछे अवैध संबंधों में आए तनाव को वजह बताया जा रहा है। हत्यारे शिक्षक के घर से सोने के जेवरात भी ले गए थे।
राजपुरा निवासी शिक्षक प्रकाश चंद्र कन्नौजिया का शव 10 अक्तूबर को घर की रसोई में मिला था। पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट हो गया था कि उसकी हत्या कर घर से जेवरात लूटे गए। पुलिस इस मामले में घर की पुताई करने वाले रोहित से पहले ही पूछताछ कर चुकी है। कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने लाइन नंबर 17 निवासी युवक के साथ एक अन्य युवक को हिरासत में ले लिया। दोनों शिक्षक से बातचीत करने उसके घर गए थे। इस मामले में पुलिस ने करीब 30 लोगों से भी पूछताछ की। जांच के दौरान ये सामने आया कि शिक्षक के तीन लोगों से अवैध संबंध थे। अक्सर वे उसके घर आया करते थे। इसी को लेकर उस रात उनके बीच विवाद हुआ। जिसमें शिक्षक की हत्या कर दी गई।