हल्द्वानी। जिस पिता ने अपनी जिंदगी में कभी कोर्ट-कचहरी और थाना नहीं देखा। उसका बेटा गुंडई करते हुए चौकी पहुंच गया। पुलिस ने पिता को बुलाया तो उन्होंने चौकी में ही बेटे की पिटाई कर दी। खूब हंगामा हुआ। पुलिस ने पिता का शांतिभंग में चालान कर दिया।
नवाबी रोड निवासी जंगलात के एक कर्मचारी के बेटे का तिकोनिया के पास एक कोचिंग सेंटर में कुछ युवकों से झगड़ा हो गया। मारपीट के बाद भोटिया पड़ाव पुलिस उसे पकड़कर चौकी ले आई। पूछताछ के बाद आरोपी नाबालिग निकला तो पिता को बुलाया गया। चौकी पहुंचते ही पिता ने पुलिस के सामने ही बेटे की जमकर पिटाई कर दी। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को छुड़वाया। वहां लोगों की भीड़ लग गई। हंगामे पर पुलिस ने पिता का चालान कर दिया।
कचरा फेंका तो कर दी पिटाई
लाइन नंबर 17 में कुछ लोगों ने दसवीं की छात्रा की पिटाई कर दी। छात्रा का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने उनके घर के सामने सड़क पर कुछ कचरा फेंक दिया था। बाद में उसने कचरा साफ करने की बात कही थी, लेकिन आरोपियों ने उसकी घर में घुसकर पिटाई कर दी।