हल्द्वानी। उत्तराखंड बोर्ड की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाएं गुुरुवार से शुरू हो गईं। पहले दिन हाईस्कूल के विद्यार्थियों के अंग्रेजी का पेपर हुआ, जबकि इंटरमीडिएट के वैकल्पिक विषयों की परीक्षा हुई। जिले भर में हाईस्कूल के 207 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। उड़नदस्तों ने कई परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग की। पहले दिन कोई भी नकलची नहीं पकड़ा जा सका।
गुरुवार को बोर्ड परीक्षा प्रात: दस बजे निर्धारित समय पर शुरू हुई। छात्र-छात्राएं साढ़े नौ बजे ही परीक्षा केंद्रों पर पहुंच गए थे। हाईस्कूल के विद्यार्थियों में अंग्रेजी के पेपर को लेकर काफी टेंशन थी, मगर प्रश्नपत्र देखने के बाद उनकी टेंशन दूर हो गई। जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) एचपी विश्वकर्मा ने बताया कि हाईस्कूल में कुल 11,616 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिसमें से 11,356 विद्यार्थी परीक्षा में बैठे तथा 207 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। इसके अलावा इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों की वैकल्पिक विषयों के प्रश्नपत्रों की परीक्षा थी। इसमें सैन्य विज्ञान के प्रश्नपत्र में पंजीकृत 16 विद्यार्थी, कंप्यूटर साइंस में पंजीकृत 32 में से 31 तथा कृषि विज्ञान विषय के प्रश्नपत्र में पंजीकृत 53 में से 52 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। डीईओ ने जीआईसी खैरना समेत कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया।