हल्द्वानी। अधीनस्थ कृषि सेवा संघ के सदस्य विभिन्न मांगों को लेकर 31 दिसंबर को देहरादून कूच करेंगे। इसके लिए कृषि विभाग के स्थानीय कार्मिकों ने तैयारी पूरी कर ली है।
कृषि रक्षा केंद्र परिसर में रविवार को हुई बैठक में जिला संरक्षक जगदीश चंद्र आर्या ने कहा कि ढेंचा बीज प्रकरण लंबित होने का खामियाजा विभागीय कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बावजूद लाभों से वंचित होना पड़ रहा है। जिलाध्यक्ष बीडी शर्मा ने सेवा नियमावली में जॉब चार्ट को भी जोड़ने की मांग की क्योंकि कार्यविभाजन की विसंगति से कार्मिकों की कार्यक्षमता प्रभावित होती है। वक्ताओं ने सहायक कृषि अधिकारी वर्ग तीन के 483 पदों को उच्चीकृत करने, सभी कर्मचारियों को गढ़वाल मंडल की भांति एसीपी का लाभ दिलाने की मांग की गई। उन्होंने कृषि विभाग में दूसरे विभाग के अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति देकर सीनियर कर्मचारियों के हक मारने का विरोध किया। जिला मंत्री एनएस कैड़ा ने बताया कि किसानों को पहले आओ पहले पाओ के आधार पर लाभान्वित किया जा रहा है। जिसका लाभ उपज वृद्धि में नहीं मिल सका है, जबकि इसे किसान कार्ड के माध्यम से नियंत्रित किया जा सकता है। बैठक में मंडल अध्यक्ष केके तिवारी, डीएस जलाल, मनवर रावत, लक्ष्मण गोनिया, हेम जोशी, कैलाश पंत, आरपी कन्नौजिया, एसपी सिंह, योगेंद्र चौधरी, ओमप्रकाश, एसके नैय्यर, डीएस मेहता, सुरेश अधिकारी, बीएस नयाल, एमएम जोशी, नारायण कैड़ा, ललित भट्ट, विजयपाल आदि मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष बीडी शर्मा ने संचालन किया।