हल्द्वानी। कोतवाली के बाहर खड़ी एक बाइक को पुलिस ने सीज कर दिया। उसकी आगे की नंबर प्लेट नहीं थी, जबकि पीछे गोबर पुता था। पुलिस बाइक को संदिग्ध मानाकर कोतवाली भी ले आई थी। बाद में मालिक के आने पर उसे यातायात नियमों के पालन की हिदायत देकर छोड़ दिया।
शनिवार दोपहर कोतवाली के ठीक बाहर एक युवक अपनी बाइक छोड़कर चला गया। उसने हैंडल लॉक भी नहीं किया था। गाड़ी में आगे नंबर प्लेट नहीं थी। पीछे की प्लेट पर गोबर पुता हुआ था। किसी ने संदिग्ध होने की सूचना दी। पुलिस बाइक को लेकर कोतवाली आ गई। मालिक की तलाश की जाने लगी। कोतवाली में बाइक को संदिग्ध मानकर अफरा-तफरी मच गई। आशंका जताई जाने लगी कि बाइक किसी अपराध में तो इस्तेमाल नहीं की गई थी। पुलिस बाइक की सारी जानकारी जुटाने लगी। करीब आधे घंटे बाद युवक बाइक खोजता हुआ कोतवाली पहुंचा। वहां उसने एसएसआई इंदर सिंह राणा से बाइक गुम होने की शिकायत की। उन्होंने बाइक के पीछे की नंबर प्लेट पर गोबर लगे होने की वजह पूछी तो युवक कुछ नहीं बताया पाया। उसने बताया कि जल्दी के कारण वह बिना हैंडल लॉक किए बाइक छोड़कर तहसील चला गया था। बिना नंबर प्लेट बाइक चलाने के आरोप में बाइक सीज कर दी गई।