हल्द्वानी। इंस्प्रेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल का तीसरा वार्षिकोत्सव मंगलवार को स्पेक्ट्रम के साथ प्रकृति को बचाने एवं कन्या भ्रूण हत्या को रोकने के संकल्प के साथ धूमधाम से मनाया गया। बच्चों के रंगारंग और समाज को संदेश देने वाले कार्यक्रमों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मुख्य अतिथि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. सदानंद दाते ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने इंस्प्रेशन स्कूल में बच्चों को आधुनिक प्रणाली से शिक्षा देने की व्यवस्था पर प्रसन्नता जताई। विद्यालय की व्यवस्थापिका डा. गीतिका बल्यूटिया और स्कूल के प्रबंधक दीपक बल्यूटिया ने अतिथि का स्वागत किया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। मुख्य आकर्षण शिव तांडव, बेटी बचाओ एवं राष्ट्रीय एकता पर आधारित कार्यक्रम थे। शिव तांडव के माध्यम से बच्चों ने प्रकृति का अत्यधिक दोहन से हो रहे नुकसान को दर्शाते हुए प्रकृति का संरक्षण कर इसे बचाने का संदेश देने की सफल कोशिश की। कन्या भ्रूण हत्या पर आधारित कार्यक्रम सामाजिक असंतुलन की स्थिति पर फोकस रहा। बच्चों ने गोवा डांस, गरबा, सिन्ड्रैला नाटक से अलग-अलग प्रांतों के साथ विदेशी झलक (जापानी एवं चीनी) और हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत प्रस्तुत कर दर्शकों भावविभोर कर दिया। व्यवस्थापिका डा. गीतिका बल्यूटिया ने अतिथियों और अभिभावकों को आभार व्यक्त किया।