नैनीताल। शराब नशे में धुत हल्द्वानी के सात युवकों ने बस अड्डे के पास जमकर हंगामा किया। रोकने गए कांस्टेबल को भी युवकों ने जमकर पीटा। दुस्साहसी युवकों ने पुलिस चौकी के अंदर अभद्रता की और कांस्टेबल की वर्दी फाड़ डाली।
पुलिस के मुताबिक पुरानी आईटीआई हल्द्वानी के रहने वाले अंकित और कुंदन नयाल, बिरला स्कूल के रहने वाले हेमंत पांडे और नीरज पांडे (दोनों भाई है) और ऊंचापुल का नीरज बिष्ट व मनोज सिंह और लालडांठ का चंद प्रकाश रात को बस अड्डे पर हंगामा कर रहे थे। शराब के नशे में धुत इन युवकों को वहां तैनात पुलिस कर्मी देश दीपक ने टोका तो वह हमलावर हो गए। युवकों ने कांस्टेबल के साथ हाथापाई कर दी। इसके बाद देश दीपक युवकों को जैसे-तैसे पुलिस चौकी लेकर आया तो यहां भी युवकों ने जमकर हंगामा किया। युवकों ने देश दीपक की वर्दी फाड़ दी। कांस्टेबल के साथ मारपीट की सूचना मिलने पर मल्लीताल थाने की पुलिस फोर्स पहुंची और युवकों को हिरासत में लिया है।