हल्द्वानी। पंचायतों में सोमवार से आरक्षण सूची पर लगी आपत्तियों की निस्तारण प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, पंचायत चुनाव के मद्देनजर गांवों में दावेदारों की रेलमपेल शुरू हो गई है।
अपनी सीट पर लागू आरक्षण का पता चलते ही लोगों ने सार्वजनिक स्थानों पर सचित्र बधाई संदेश लगाकर गांवों को पोस्टर, बैनर से पाट दिया है। वहीं, तमाम दावेदार आरक्षण के खिलाफ आपत्तियां दर्ज करा चुके हैं, जिन पर सोमवार से बुधवार तक सुनवाई होनी है, इनमें से ग्राम हल्दूपोखरा नायक देवलचौड़ निवासी आनंद सिंह दरम्वाल समेत कई दावेदारों ने कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है। दरम्वाल ने बताया कि उनके गांव में महिला आरक्षण दोहराया गया है जो कि शासनादेश के खिलाफ है। इस निर्वाचन क्षेत्र में ओबीसी की जनसंख्या नगण्य है। इसके बावजूद सरकारी आंकड़ों में यह संख्या 242 बताई गई है, जबकि इससे अधिक आरक्षित जनसंख्या वाली बमौरी, धौलाखेड़ा, गौजाजाली आदि सीटों को अनारक्षित किया गया है। ग्रामीणों ने परिसीमन और आरक्षण निर्धारण में राजनीतिक हस्तक्षेप की भी आशंका जताई है।