हल्द्वानी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के संभावित दावेदाराें को इच्छित सीट पर आरक्षण का बेसब्री से इंतजार है। इस आवश्यकता की पूर्ति के लिए मंगलवार को दूसरे दिन भी प्रशिक्षण लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गांवों में ओबीसी का रैपिड सर्वे शुरू कर दिया है, जबकि राज्य कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल से चुनाव की तैयारी प्रभावित हो रही है।
ब्लाक सभागार में हुई ट्रेनिंग में बीडीओ डा. निर्मला जोशी ने बताया कि सर्वेक्षण कार्य हफ्तेभर में पूरा होना है। सभी 225 प्रगणक 15 अक्तूबर तक पूरित सर्वे प्रपत्र ब्लाक में जमा कराएंगे। प्रपत्र में अंकित तथ्यों का मिलान करने के बाद जिले के माध्यम से सूचनाआें का संकलन होना है, ताकि अगले माह तक चुनाव की घोषणा होने तक आरक्षण की स्थिति स्पष्ट हो सके। एबीडीओ हर सिंह मेहरा ने सभी प्रगणकों को सर्वेक्षण सामग्री सौंपी, जिसमें ग्राम पंचायतों की वोटर लिस्ट समेत आवश्यक स्टेशनरी भी शामिल थी। एडीओ पंचायत जेसी पंत, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी बीएल आर्या, वीडीओ सुरेंद्र बिष्ट, धीरेंद्र पंत ने बताया सर्वे प्रपत्र सभी परिवारों का भरा जाएगा। सामान्य जाति वालों के प्रपत्र में सिर्फ मुखिया का नाम दर्ज होगा, जबकि वर्ष 2011 से पहले यहां बसे पिछड़े वर्ग के परिवारों के सभी सदस्यों की जानकारी ली जाएगी।
चार प्रशिक्षु वीडीओ ने दिया योगदान
हल्द्वानी। यहां 69 ग्राम पंचायतों में 18 वीडीओ से काम चलाया जा रहा है, इन वीडीओ की हड़ताल से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन अब चार प्रशिक्षु महिला वीडीओ ने सोमवार से ब्लाक में सीमित अवधि का योगदान दे दिया है। वहां कार्यालयी कामकाज सीखने के बाद उन्हें प्रसार प्रशिक्षण केंद्र हल्दूचौड़ और ग्राम्य विकास संस्थान रुद्रपुर में भी ट्रेनिंग लेने जाना होगा।