हल्द्वानी। पर्यावरण हित में काम करने के लिए परिवहन विभाग ग्रीन सेस वसूल रहा है। करोड़ों रुपये ग्रीन सेस के नाम पर जमा भी हो चुके हैं लेकिन ग्रीन सेस से पर्यावरण हित और सुरक्षा के लिए क्या काम हुआ है, इसका पता विभागीय अधिकारियों को भी नहीं है।
परिवहन विभाग ने दिसंबर-2012 से ग्रीन सेस का प्राविधान किया है। इसमें नये वाहन के रजिस्ट्रेशन होने पर दुपहिया से 400 और चौपहिया से 1200 रुपये तक अलग से लिया जाता है। कामर्शियल वाहनों के सात साल बाद होने पर फिटनेस और निजी वाहनों के 15 साल होने पर 500 रुपये टैक्स देना होता है। इससे ही कुमाऊं में ही ग्रीन सेस से करीब दो करोड़ रुपये एकत्र हो गए हैं लेकिन इस राशि से क्या काम हुआ है, इसके बारे अधिकारियों तक को पता नहीं है।
इसी तरह परिवहन विभाग करीब तीन साल से वाहन स्वामियों से यूजर चार्ज के तौर पर 20 रुपये ले रहा है। लाइसेंस, फिटनेस, परमिट आदि कोई भी काम कराने पर यह चार्ज देना पड़ता है। इस चार्ज को लेने के पीछे वाहन स्वामियों के हित में खर्च करने का तर्क दिया गया है। इससे करीब 3.5 करोड़ कुमाऊं में जमा हुआ। एक साल तो राशि ही जारी नहीं हुई। पिछले साल 30 लाख ही मिल सके थे। इससे प्रिंटर, कंप्यूटर इंक आदि की ही खरीद हो सकी। बाकी जनता के हित में कोई ठोस काम नहीं हुआ है। संभागीय परिवहन अधिकारी एसके सिंह ने बताया कि इस साल कुमाऊं में 40 लाख और मिले हैं, जिनको जनहित में खर्च किया जाएगा।